
जनगणना 2027 को लेकर दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में मेगा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
पुलिस और जिला प्रशासन ने मिलकर सेल्फ-एन्यूमरेशन प्रक्रिया पर दिया जोर, नागरिकों से सहयोग की अपील
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली:।आगामी “भारत की जनगणना–2027” की तैयारियों को लेकर दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस और जिला प्रशासन ने शनिवार को पीजीडीएवी कॉलेज, नेहरू नगर में एक मेगा जागरूकता एवं समन्वय कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व डीसीपी दक्षिण-पूर्वी डॉ. हेमंत तिवारी (आईपीएस) ने किया, जबकि इसकी संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी (दक्षिण-पूर्वी) श्रवण बगारिया ने की।

इस अवसर पर एडीएम, एसडीएम, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी और जिले के सभी एसएचओ मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनगणना 2027 के तहत शुरू की जा रही सेल्फ-एन्यूमरेशन सुविधा के प्रति जागरूकता फैलाना और पुलिस व प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान जनगणना विभाग के अधिकारियों ने विस्तृत प्रस्तुति देते हुए बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म, मोबाइल एप और ऑनलाइन सिस्टम के माध्यम से संचालित की जाएगी। नागरिक 16 भाषाओं में उपलब्ध मोबाइल एप या आधिकारिक पोर्टल के जरिए स्वयं अपने परिवार और आवास संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
अधिकारियों ने मोबाइल नंबर और ओटीपी आधारित लॉगिन, आवासीय विवरण चयन, पारिवारिक जानकारी भरने और यूनिक सेल्फ-एन्यूमरेशन आईडी प्राप्त करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। साथ ही जनगणना आंकड़ों के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया गया कि ये आंकड़े नीति निर्माण, शहरी विकास और कल्याणकारी योजनाओं के लिए बेहद जरूरी हैं।
कार्यक्रम में फील्ड कार्य के दौरान सुरक्षा और समन्वय पर भी विशेष चर्चा हुई। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, फील्ड स्टाफ की सुरक्षा, त्वरित सहायता तंत्र और महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन के बीच रणनीति तय की गई।
डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने नागरिकों से अपील की कि वे जिम्मेदारी और सटीकता के साथ सेल्फ-एन्यूमरेशन प्रक्रिया में भाग लें। उन्होंने कहा कि सही जनगणना आंकड़े ही प्रभावी विकास योजनाओं की नींव होते हैं। वहीं जिलाधिकारी श्रवण बगारिया ने सभी विभागों से समन्वय बनाकर जनगणना कार्य को सफल बनाने का आह्वान किया।
अधिकारियों ने नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
कार्यक्रम का समापन जनगणना 2027 को पारदर्शी, सुरक्षित और सफल बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

