
मानस राय हत्याकांड में बड़ी कामयाबी मुख्य आरोपी अमन श्रीवास्तव गिरफ्तार, 5 मई तक पुलिस रिमांड
संदेश धारा संवाददाता: हिमांशी उपाध्याय
फरीदाबाद।पल्ला थाना क्षेत्र में हुए चर्चित मानस राय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमन श्रीवास्तव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने आरोपी को 5 मई तक पुलिस रिमांड पर भेजा है, जहां उससे हत्या में प्रयुक्त हथियार और साजिश से जुड़े अहम सुराग जुटाने के लिए पूछताछ की जाएगी।
डीसीपी सेंट्रल एवं एसीपी सराय के निर्देशन में पल्ला थाना पुलिस की टीम ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके ठिकाने से दबोचा। चौकी नवीन नगर प्रभारी एसआई रमेश चंद के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया।
रंजिश का एंगल आया सामने
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पुरानी आपसी रंजिश मुख्य वजह हो सकती है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार (आर्म्स एक्ट) की बरामदगी और पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश करने में जुटी है।
अब तक 7 आरोपी कानून के शिकंजे में
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस अब तक कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
मुख्य आरोपी अमन श्रीवास्तव फिलहाल पुलिस रिमांड पर है, जबकि हर्ष प्रताप, राहुल, प्रिंस और रोशन को न्यायिक हिरासत में नीमका जेल भेजा गया है। वहीं दीपक (नाबालिग) को बाल सुधार गृह और मान्या (नाबालिग) को नारी निकेतन, करनाल भेजा गया है।
पुलिस टीम की कार्रवाई सराहनीय
पल्ला थाना पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। ऑपरेशन में एचसी सत्यवान, सिपाही साहिल और सिपाही आशीष की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

