
‘कच्छा-बनियान पर्डी गैंग’ का भंडाफोड़, मुठभेड़ के बाद 6 आरोपी गिरफ्तार
तीन बदमाशों के पैर में लगी गोली, लाखों के जेवरात व हथियार बरामद
संदेश धारा संवाददाता
नई दिल्ली, 5 मई 2026: दक्षिणी दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात ‘कच्छा-बनियान पर्डी गैंग’ का भंडाफोड़ किया है। एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) की टीम ने मुठभेड़ के बाद गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक इनामी अपराधी भी शामिल है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई फायरिंग में तीन आरोपियों के पैर में गोली लगी है।
पुलिस के अनुसार, 1 मई की रात मालवीय नगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय एन्क्लेव में एक घर में चोरी की वारदात हुई थी। घर में सो रहे लोगों के बीच बदमाशों ने घुसकर नकदी और जेवरात चुरा लिए। सीसीटीवी फुटेज में तीन बदमाश घर के अंदर जाते हुए और तीन अन्य बाहर पार्क में बैकअप के रूप में मौजूद दिखाई दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमों का गठन किया। 3 मई की देर रात करीब 11:45 बजे एएटीएस की टीम को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर जहांपनाह फॉरेस्ट, बीआरटी कॉरिडोर के पास जाल बिछाया गया। रात करीब 12:55 बजे संदिग्धों के पहुंचते ही पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई और मुठभेड़ के बाद सभी छह आरोपियों को काबू कर लिया गया। इस दौरान बदमाशों ने 6 राउंड फायर किए, जबकि पुलिस की ओर से 8 राउंड फायरिंग की गई। एक गोली इंस्पेक्टर उमेश यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए।
घायल आरोपियों की पहचान निर्मल उर्फ निखिल, अंबर उर्फ डेविन और सम्राट उर्फ काला के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य गिरफ्तार आरोपियों में काकेश, कृष और एक नाबालिग शामिल हैं। सभी आरोपी मध्य प्रदेश के गुना और रतलाम क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार, हथियार और मालवीय नगर की वारदात से जुड़े सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। बरामद सामान में हाइड्रोलिक कटर, पिस्टल, देसी कट्टे, कारतूस और अन्य उपकरण शामिल हैं।
डीसीपी साउथ अनंत मित्तल ने बताया कि पकड़ा गया गैंग अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय था और दिल्ली समेत कई राज्यों में चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। इस कार्रवाई से ऐसे गिरोहों पर बड़ा प्रहार हुआ है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

