दिल्ली नगर निगम में वर्षों से जमे कर्मचारी, ट्रांसफर न होने पर उठे सवाल
साहिल मंसूरी,संदेश धारा,
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (MCD) में लंबे समय से एक ही वार्ड में तैनात कर्मचारियों को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। जानकारी के अनुसार DBC, MTS, CFW सहित कई कर्मचारी पिछले 4-5 वर्षों से एक ही क्षेत्र में लगातार कार्यरत हैं, जबकि प्रशासनिक नियमों के तहत समय-समय पर स्थानांतरण (ट्रांसफर) आवश्यक माना जाता है।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि वर्षों तक एक ही जगह पर तैनाती से पारदर्शिता प्रभावित होती है और विभागीय मिलीभगत की आशंका भी बढ़ती है। इससे न केवल निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि आम जनता में भी असंतोष देखने को मिल रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार नियमित ट्रांसफर व्यवस्था प्रशासन में निष्पक्षता बनाए रखने का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके अभाव में भ्रष्टाचार की संभावनाएं बढ़ जाती हैं और जवाबदेही कमजोर पड़ती है।
इस मुद्दे को लेकर सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों ने मांग की है कि निर्धारित अवधि से अधिक समय से एक ही वार्ड में कार्यरत कर्मचारियों की सूची सार्वजनिक की जाए तथा उनका तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठ रही है।
अब देखना यह होगा कि दिल्ली नगर निगम इस गंभीर मामले पर कब तक संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाता है।

