
दिल्ली में 37 करोड़ का कोचिंग घोटाला, 9 गिरफ्तार
जय भीम प्रतिभा विकास योजना में फर्जीवाड़ा उजागर
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, राजधानी दिल्ली में एक बड़े शिक्षा घोटाले का पर्दाफाश हुआ है, जिसमें पुलिस ने तीन कोचिंग संस्थानों के मालिकों और निदेशकों समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर छात्रों के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी योजना का गलत फायदा उठाने का आरोप है।
पुलिस जांच के अनुसार, यह पूरा मामला ‘जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना’ से जुड़ा है, जिसके तहत जरूरतमंद छात्रों को कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी छात्रों के नाम और दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सरकार से करीब 37 करोड़ रुपये की राशि हड़प ली।
जांच में यह भी सामने आया है कि कई छात्रों के दस्तावेज पूरी तरह से फर्जी थे, जबकि कुछ मामलों में असली छात्रों के नाम का दुरुपयोग किया गया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि इस घोटाले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं, जिससे कई और लोगों की संलिप्तता सामने आने की संभावना है।

