

ओ-ज़ोन में अवैध निर्माण पर DDA सख्त, 15 दिन में खाली करने का नोटिस
विशेष संवाददाता
नई दिल्ली, दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने ओ-ज़ोन क्षेत्र में हो रहे अवैध अतिक्रमण और निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक कार्रवाई की तैयारी कर ली है। इस संबंध में DDA के उद्यान विभाग, दक्षिण-पूर्व (वसंत कुंज) द्वारा एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर क्षेत्र में रहने वाले लोगों को 15 दिनों के भीतर स्थान खाली करने का निर्देश दिया गया है।
जारी नोटिस के अनुसार, यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश (विजय दिवाकर व अन्य बनाम SDMC) के अनुपालन में की जा रही है, जिसमें ओ-ज़ोन में स्थित सभी अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। DDA ने स्पष्ट किया है कि उक्त क्षेत्र में मौजूद सभी अनधिकृत आवासीय एवं व्यावसायिक संरचनाओं को हटाया जाएगा।
नोटिस में कहा गया है कि संबंधित व्यक्ति 15 दिनों के भीतर स्वयं अपने कब्जे हटाकर स्थान खाली कर दें। निर्धारित समय सीमा के बाद DDA द्वारा बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
इसके साथ ही, प्रभावित लोगों के लिए दिल्ली अर्बन शेल्टर इम्प्रूवमेंट बोर्ड (DUSIB) द्वारा संचालित अस्थायी आश्रय स्थलों में रहने का विकल्प भी दिया गया है। इनमें वसंत कुंज और निजामुद्दीन क्षेत्र के रैन बसेरे शामिल हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ओ-ज़ोन जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

