
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में वर्षों से जमे पुलिसकर्मियों पर सवाल
RTI में 21 कर्मचारियों का खुलासा, वास्तविक संख्या अधिक होने की आशंका
विशेष संवाददाता संदेश धारा-
नई दिल्ली, दिल्ली पुलिस के दक्षिण-पूर्वी जिले में तैनात पुलिसकर्मियों की लंबे समय से एक ही थाना और बीट में तैनाती को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल ही में एक सूचना के अधिकार (RTI) आवेदन के जवाब में खुलासा हुआ है कि जिले में कम से कम 21 पुलिसकर्मी ऐसे हैं, जो वर्षों से एक ही थाने और एक ही बीट में कार्यरत हैं।
हालांकि स्थानीय सूत्रों और विभागीय जानकारों का दावा है कि ऐसे कर्मचारियों की वास्तविक संख्या RTI में सामने आए आंकड़ों से कहीं अधिक हो सकती है। इसे लेकर अब पुलिस विभाग की ट्रांसफर नीति और उसकी पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारों का कहना है कि किसी भी संवेदनशील जिले में लंबे समय तक एक ही स्थान पर तैनाती से स्थानीय स्तर पर प्रभाव, सांठगांठ और भ्रष्टाचार की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। यही कारण है कि समय-समय पर ट्रांसफर और बीट परिवर्तन की व्यवस्था बनाई जाती है।
सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि दक्षिण-पूर्वी जिले के सभी थानों में तैनात कर्मचारियों की पूरी सूची सार्वजनिक की जाए तथा 3 वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मचारियों का तत्काल तबादला किया जाए। साथ ही मामले की विजिलेंस जांच कराने की भी मांग उठ रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि पुलिस व्यवस्था में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए नियमित रोटेशन और पारदर्शी ट्रांसफर नीति बेहद आवश्यक है। यदि नियमों के बावजूद लंबे समय तक एक ही स्थान पर तैनाती जारी रहती है, तो इससे विभाग की कार्यप्रणाली और जवाबदेही दोनों पर प्रश्नचिह्न लगते हैं।
अब देखना यह होगा कि दिल्ली पुलिस प्रशासन इस खुलासे के बाद क्या कदम उठाता है और क्या लंबे समय से जमे कर्मचारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है या नहीं।

