जैतपुर एक्सटेंशन खड़ा कॉलोनी में कोर्ट आदेश के बाद कार्रवाई, भूमाफियाओं पर कार्रवाई की मांग तेज
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जैतपुर एक्सटेंशन स्थित खड़ा कॉलोनी क्षेत्र में सोमवार को MCD और राजस्व विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि यह भूमि सरकारी नहीं बल्कि एक किसान की निजी जमीन है, जिस पर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

सूत्रों के अनुसार किसान द्वारा न्यायालय में दायर मामले में फैसला आने के बाद प्रशासन ने कोर्ट के आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कई निर्माणों को हटाया गया और क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिन भूमाफियाओं और बिल्डरों ने जमीन की खरीद-फरोख्त कर लोगों को प्लॉट बेचकर निर्माण करवाए, वे अब तक प्रशासनिक कार्रवाई से बाहर हैं, जबकि आम लोगों के मकान टूट रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि संबंधित बिल्डर और भूमाफियाओं की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा भारी जुर्माना लगाया जाए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिन परिवारों के मकान कार्रवाई में प्रभावित हुए हैं, उन्हें संबंधित बिल्डरों और भूमाफियाओं से मुआवजा दिलाया जाना चाहिए। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि केवल निर्माण तोड़ने तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि उन लोगों की जिम्मेदारी भी तय हो जिन्होंने विवादित जमीन पर प्लॉटिंग कर लोगों को गुमराह किया।

स्थानीय नागरिकों ने यह भी मांग उठाई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अवैध प्लॉटिंग और फर्जी रजिस्ट्री नेटवर्क पर सख्त निगरानी रखी जाए।

