ओज़ोन क्षेत्र में रातों-रात निर्माण! कंचनकुंज में खुलेआम खड़ी मिल रहीं लेंटर मशीनें, जिम्मेदार कौन?
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली। थाना कालिंदी कुंज क्षेत्र अंतर्गत कंचनकुंज इलाके में ओज़ोन घोषित क्षेत्र होने के बावजूद अवैध निर्माण गतिविधियां लगातार जारी हैं। क्षेत्र में जगह-जगह लेंटर डालने में प्रयोग होने वाली मशीनें, RMC टैंकर और निर्माण सामग्री खुलेआम खड़ी दिखाई दे रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के समय बड़े स्तर पर लेंटर डालने और निर्माण कार्य को अंजाम दिया जाता है, लेकिन संबंधित विभाग और स्थानीय पुलिस मौन बनी हुई है।

मौके पर ली गई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि भारी निर्माण उपकरण कॉलोनी के भीतर खड़े हैं। जबकि नियमों के अनुसार ओज़ोन घोषित क्षेत्र में इस प्रकार के निर्माण उपकरणों और अवैध निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद क्षेत्र में लगातार निर्माण कार्य होना कई सवाल खड़े करता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बिना प्रशासनिक संरक्षण के इतनी बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री, RMC टैंकर और लेंटर मशीनों का संचालन संभव नहीं है। लोगों ने आरोप लगाया कि यदि स्थानीय पुलिस का निर्माण गतिविधियों से कोई संबंध नहीं है, जैसा कि वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं, तो फिर इन गतिविधियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।
क्षेत्रवासियों ने दिल्ली पुलिस, MCD, DDA और प्रदूषण नियंत्रण विभाग से मांग की है कि कंचनकुंज क्षेत्र में चल रहे अवैध निर्माण और प्रतिबंधित मशीनों की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही रात में हो रहे निर्माण कार्यों पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध निर्माण के कारण क्षेत्र में पर्यावरणीय खतरा बढ़ रहा है और भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

