
कालिंदी कुंज से जैतपुर तक ‘ज़ोन-ओ’ बोर्डों के बीच जारी निर्माण पर बढ़ी चर्चा
विशेष संवाददाता, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालिंदी कुंज से लेकर जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-2 तक यमुना बाढ़ क्षेत्र में लगाए गए “ZONE ‘O’ AREA” के बोर्ड एक बार फिर चर्चा का विषय बन गए हैं। इन बोर्डों पर स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि यह क्षेत्र ओ-ज़ोन में आता है और यहां किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य अनुमत नहीं है। इसके बावजूद इलाके में लगातार निर्माण गतिविधियां देखी जा रही हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कई स्थानों पर निर्माण कार्य, प्लॉटिंग, बोरिंग और नए मकानों का निर्माण अब भी जारी है। इस बीच दक्षिण दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के बयान की भी इलाके में चर्चा हो रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सांसद ने संकेत दिया है कि पहले मास्टर प्लान आने दिया जाए, उसके बाद आगे की स्थिति पर निर्णय लिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि उन्होंने यह भी कहा कि शमशुल रोड यानी पक्की सड़क तक जो मकान बन चुके हैं, वे बन चुके हैं, लेकिन जब तक ओ-ज़ोन को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं आ जाता, तब तक कच्चे क्षेत्र यानी आई-ब्लॉक में नए मकानों का निर्माण नहीं किया जाना चाहिए।
क्षेत्र में लगे सरकारी बोर्ड और जारी निर्माण गतिविधियों को लेकर लोगों के बीच सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि क्षेत्र वास्तव में ओ-ज़ोन और यमुना बाढ़ क्षेत्र में आता है, तो नियमों का समान रूप से पालन होना चाहिए। वहीं कुछ लोग मास्टर प्लान में संभावित बदलावों की उम्मीद भी जता रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यमुना फ्लडप्लेन क्षेत्र में अनियंत्रित निर्माण पर्यावरणीय संतुलन और जल निकासी व्यवस्था के लिए खतरा बन सकता है। ऐसे में प्रशासन और संबंधित विभागों की आगामी नीति पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


Galat h ye construction ji hona chahiye govt ki baato ko manna chahiye