
सीआर पार्क पुलिस की बड़ी कामयाबी
दो सगे भाई गिरफ्तार, चोरी की बाइक समेत भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद
साहिल मंसूरी, संदेश धारा
नई दिल्ली, 22 मई। दक्षिण जिला पुलिस के थाना सीआर पार्क की सतर्क पिकेट स्टाफ टीम ने वाहन चोरी और घरों में सेंधमारी की वारदातों में शामिल दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, भारी मात्रा में सोना-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, नकदी और एक बटनदार चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार नियमित वाहन जांच के दौरान अलकनंदा मार्केट के पास संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। जांच में बरामद मोटरसाइकिल थाना वसंत कुंज क्षेत्र से चोरी की निकली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक उर्फ सेठी (31) और टिंकू उर्फ भोला (29) निवासी आया नगर, दक्षिण दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों आपस में सगे भाई हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि नशे की लत के कारण उन्होंने चोरी और सेंधमारी की वारदातें शुरू की थीं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से बंद पड़े या सुनसान मकानों को निशाना बनाते थे। दोनों पहले इलाके की रेकी करते और फिर रात के समय छत, बालकनी या पीछे के रास्ते से घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी का सामान अपने घर में छिपाकर बाद में स्थानीय बाजार में बेच दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों से बरामद किया:
11 मोबाइल फोन
07 कलाई घड़ियां
02 सोने की चेन
07 चांदी के सिक्के
लगभग 750 ग्राम सोना-चांदी के आभूषण
₹99 हजार नकद
चांदी की मूर्ति
एक बटनदार चाकू
चोरी की मोटरसाइकिल
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी से थाना फतेहपुर बेरी के तीन सेंधमारी मामलों, वसंत कुंज के एक वाहन चोरी मामले और सीआर पार्क के एक आर्म्स एक्ट केस का खुलासा हुआ है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल (IPS) ने पुलिस टीम की सतर्कता और पेशेवर कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि दक्षिण जिला पुलिस अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है और जनता की सुरक्षा के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।

