
बदरपुर विधानसभा में “नहरपार अधिकार आंदोलन” का ऐलान
हर रविवार होगी बैठक, मीठापुर चौक पर धरना-प्रदर्शन की तैयारी
साहिल मंसूरी संदेश धारा-
नई दिल्ली। बदरपुर विधानसभा क्षेत्र में नहरपार क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अब आंदोलन तेज होने जा रहा है। “नहरपार अधिकार आंदोलन” के तहत लगातार प्रत्येक रविवार को बैठकों का आयोजन किया जाएगा तथा मीठापुर चौक पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इस संबंध में जैतपुर वार्ड 184 की निगम पार्षदा श्रीमती हेमा श्रीचंद वोहरा ने कहा कि वर्षों से बदरपुर विधानसभा की जनता को पानी, O-Zone, अस्पताल और स्टेडियम जैसी मूलभूत सुविधाओं के नाम पर केवल आश्वासन दिए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि अब जनता को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाएगा और नहरपार क्षेत्र के अधिकारों के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। आंदोलन के तहत प्रत्येक वार्ड में पदयात्राएं निकाली जाएंगी, ताकि क्षेत्र की आवाज़ हर घर तक पहुंच सके।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा,
> “अब अधिकार की लड़ाई रुकेगी नहीं — नहरपार अपना हक लेकर रहेगा।”
आंदोलन से जुड़े लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पेयजल संकट, विकास कार्यों की धीमी गति, O-Zone से जुड़ी परेशानियां तथा स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी लंबे समय से स्थानीय निवासियों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई हैं।
आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप देने की रणनीति तैयार की जा रही है, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

