
लोधी कॉलोनी थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का किया भंडाफोड़
200 किलोमीटर तक पीछा कर छह आरोपी गिरफ्तार, चोरी के गहने और सेंधमारी के औजार बरामद
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 27 मई। दक्षिण जिला दिल्ली पुलिस की लोधी कॉलोनी थाना टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय सेंधमारी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 200 किलोमीटर तक तकनीकी निगरानी और पीछा करने के बाद छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी और हीरे के आभूषण, सेंधमारी के औजार, मास्टर चाबियां और वारदात में इस्तेमाल की गई फर्जी नंबर प्लेट लगी कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को लोधी रोड कॉम्प्लेक्स स्थित एक सरकारी फ्लैट में चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि परिवार के बाहर रहने के दौरान अज्ञात बदमाश फ्लैट का ताला तोड़कर सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लोधी कॉलोनी में एफआईआर दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध मारुति सेलेरियो कार दिखाई दी, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी।
पुलिस टीम ने दिल्ली-एनसीआर के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार की लोकेशन ट्रैक की। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने रास्ते बदल रहे थे, लेकिन पुलिस ने करीब 200 किलोमीटर तक तकनीकी और मैनुअल निगरानी जारी रखी। आखिरकार 20 मई की शाम गीता कॉलोनी इलाके में पुलिस ने कार को ट्रेस कर तीन आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी के गहने दो महिला सहयोगियों और एक ज्वेलर के जरिए ठिकाने लगाए जाते थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों महिला सहयोगियों और चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वेलर को भी गिरफ्तार कर लिया।
दिन में बंद मकानों को बनाते थे निशाना
जांच में सामने आया कि गिरोह फर्जी नंबर प्लेट लगी कार से कॉलोनियों की रेकी करता था। आरोपी दिन के समय बंद पड़े मकानों और फ्लैटों को निशाना बनाते थे। विशेष औजारों और मास्टर चाबियों की मदद से ताले तोड़कर गहने, नकदी और कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी का सामान बाद में महिला सहयोगियों के जरिए छिपाया और ज्वेलर के माध्यम से बेचा जाता था।
गिरफ्तार आरोपी
सचिन आनंद उर्फ ढाबा (38 वर्ष), शास्त्री नगर निवासी
पप्पू उर्फ रामजीलाल उर्फ छोटू (55 वर्ष), त्रिलोकपुरी निवासी
गोपाल उर्फ अजय (40 वर्ष), त्रिलोकपुरी निवासी
रेखा पत्नी पप्पू
जानकी पत्नी गोपाल
राजेंद्र कुमार, ज्वेलर, त्रिलोकपुरी निवासी
बरामदगी
सोने के लॉकेट, कंगन, नथ और अंगूठियां
चांदी की पायल और बिछुए
एक हीरे की अंगूठी
6 कलाई घड़ियां
इंस्टैक्स मिनी-12 कैमरा
विदेशी मुद्रा
सेंधमारी के औजारों से भरा बैग
34 मास्टर चाबिया
फर्जी नंबर प्लेट लगी मारुति सेलेरियो कार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दिल्ली, एनसीआर, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में 70 से अधिक आपराधिक मामलों में पहले से शामिल रहे हैं। इनमें कई आरोपी विभिन्न थानों के घोषित बदमाश (Bad Character) भी हैं।
इस कार्रवाई को इंस्पेक्टर रविंदर कुमार त्यागी, एसएचओ लोधी कॉलोनी के नेतृत्व और एसीपी डिफेंस कॉलोनी सोम नाथ परुथी की निगरानी में अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के अन्य मामलों में शामिल होने की भी जांच की जा रही है।

