
मालवीय नगर अग्निकांड: मृतकों की संख्या 21 पहुंची, 12 विदेशी नागरिकों की भी मौत
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, बुधवार। दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में बुधवार सुबह लगी भीषण आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। हादसे में कुल 49 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया था, जिनमें से उपचार के दौरान 21 घायलों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस अपडेट के अनुसार, मृतकों में 09 भारतीय नागरिक और 12 विदेशी नागरिक शामिल हैं। घटना के बाद घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृत भारतीय नागरिकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
– श्रुतिका बर्नवाल
– तरजनी अग्रवाल
– वार्या अग्रवाल उर्फ पर्ल
– झावेरी अग्रवाल
– विवेक अग्रवाल
– अशोक अग्रवाल
– कमला अग्रवाल
– प्रेमलता अग्रवाल
– जीविशा अग्रवाल
पुलिस के अनुसार, 08 घायल व्यक्तियों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि शेष घायलों का इलाज जारी है।
घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम तथा अन्य जांच एजेंसियां घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों और सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जा रही है।
यह हादसा राजधानी दिल्ली के हाल के वर्षों के सबसे गंभीर अग्निकांडों में से एक माना जा रहा है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।

