अवैध कारोबार की शिकायत करने वाले युवक को मिली जान से मारने की धमकी, निष्पक्ष जांच की मांग
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, कालिंदी कुंज। थाना कालिंदी कुंज क्षेत्र में कथित अवैध सट्टा, शराब, गांजा और स्मैक के कारोबार को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। क्षेत्र के एक युवक ने आरोप लगाया है कि अवैध गतिविधियों की शिकायत करने के बाद उसे और उसके परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही हैं।

शिकायतकर्ता के अनुसार उसने इलाके में चल रहे कथित अवैध कारोबार की जानकारी संबंधित अधिकारियों और पुलिस को दी थी। आरोप है कि शिकायत के बाद अवैध गतिविधियों में शामिल बताए जा रहे कुछ लोगों द्वारा उसे चुप रहने के लिए दबाव बनाया जाने लगा। युवक का कहना है कि उसे जान से मारने तथा झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां दी जा रही हैं।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे राजू खस्सी, उसकी पत्नी मोना, सोनू और उसकी पत्नी सुमन कई बार उसके घर पहुंचकर हंगामा कर चुके हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि आरोपियों द्वारा उसके माता-पिता को भी डराया और धमकाया गया। युवक के मुताबिक आरोपियों ने कथित तौर पर कहा, “हमारा तो एक जाएगा, लेकिन तुम्हारे कितने मरेंगे यह देख लेना।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई नागरिक समाज हित में आगे आकर अवैध गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाता है और उसे ही डराया-धमकाया जाता है, तो इससे आम जनता में भय का माहौल पैदा होता है। लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
नागरिकों का यह भी कहना है कि क्षेत्र में कथित अवैध गतिविधियों की जांच के साथ-साथ शिकायतकर्ता और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों की निगाहें अब पुलिस और संबंधित उच्च अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हैं। क्षेत्रवासियों का मानना है कि निष्पक्ष जांच और प्रभावी कार्रवाई से ही जनता का कानून व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हो सकेगा।
(नोट: समाचार में उल्लिखित आरोप शिकायतकर्ता और स्थानीय लोगों के बयानों पर आधारित हैं। आरोपित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

