
जल संकट पर राजनीति, लेकिन सड़क पर बह रहा लाखों लीटर पानी ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 में एक वर्ष से लीकेज की शिकायत, कार्रवाई का इंतजार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। तुगलकाबाद विधानसभा क्षेत्र के लालकुआँ में लगभग ₹4.96 करोड़ की लागत से विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों का उद्घाटन करते हुए विधायक सहीराम पहलवान ने क्षेत्र में पेयजल संकट के लिए दिल्ली सरकार की नीतियों और जल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि, इसी बीच क्षेत्र में जल संरक्षण और पानी की बर्बादी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का आरोप है कि ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 में T-7 से W-26 तक पिछले लगभग एक वर्ष से पाइपलाइन लीकेज के कारण प्रतिदिन लाखों लीटर पानी सड़कों पर बह रहा है। इस संबंध में कई बार शिकायतें, समाचार रिपोर्टें और फोटो-वीडियो प्रमाण संबंधित विभागों को भेजे जाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर राजधानी में जल संकट की चर्चा हो रही है और पानी बचाने के लिए विभिन्न योजनाएं बनाई जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर सरकारी लापरवाही के कारण बहुमूल्य जल संसाधनों की खुलेआम बर्बादी हो रही है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध बोरवेल और भूजल दोहन की शिकायतों पर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।
नागरिकों का कहना है कि जल संकट के लिए केवल सरकार या किसी एक विभाग को जिम्मेदार ठहराना पर्याप्त नहीं है। जनप्रतिनिधियों, संबंधित विभागों और अधिकारियों की भी यह जिम्मेदारी बनती है कि वे क्षेत्र में पानी की बर्बादी रोकने और जल आपूर्ति व्यवस्था को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाएं।
स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि दिल्ली जल बोर्ड, संबंधित प्रशासनिक विभाग और जनप्रतिनिधि संयुक्त निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें तथा जल बर्बादी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। जल संकट के बीच लाखों लीटर पानी का सड़क पर बहना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहा है।

