
ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 में अतिक्रमण का जाल, शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं
साहिल मंसूरी संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 में सड़क अतिक्रमण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। स्थानीय उद्योग संचालकों, कर्मचारियों और राहगीरों का आरोप है कि सी-40, गेट नंबर-1 के सामने से लेकर डी-12 के सामने तथा सलोरा पार्क तक कई कबाड़ी संचालकों ने सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा कर रखा है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कबाड़ का सामान सड़क किनारे और कई स्थानों पर सड़क तक फैलाकर रखा जाता है, जिसके कारण भारी वाहनों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में अक्सर जाम जैसी स्थिति बनी रहती है और आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो सकती है।
निवासियों और उद्योग प्रतिनिधियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभागों और अधिकारियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई स्थायी कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि समय-समय पर औपचारिक कार्रवाई का आश्वासन तो दिया जाता है, लेकिन अतिक्रमण हटाने की प्रभावी पहल नहीं की जाती।
क्षेत्र के व्यापारियों ने मांग की है कि एमसीडी, दिल्ली पुलिस, उद्योग विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां संयुक्त अभियान चलाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराएं, ताकि औद्योगिक क्षेत्र में सुचारु यातायात व्यवस्था बहाल हो सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप की मांग करेंगे। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान कब तक करता है या फिर शिकायतें कागजों तक ही सीमित रह जाएंगी।

