जनहित की खबरों को बनाया जा रहा उगाही का जरिया? ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 में गंभीर आरोप
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 की पुलिस बीट नंबर-5 में तैनात एक हवलदार पर जनहित से जुड़े मामलों को कथित रूप से उगाही का माध्यम बनाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रीय सूत्रों के अनुसार, विभिन्न अवैध गतिविधियों के विरुद्ध समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित होने के बाद कार्रवाई सुनिश्चित कराने के बजाय संबंधित लोगों से कथित तौर पर प्रलोभन और वसूली किए जाने की शिकायतें मिल रही है
।
सूत्रों का दावा है कि अवैध कॉल सेंटर, सड़कों पर अतिक्रमण कर संचालित कबाड़ी और बिल्डिंग मैटेरियल कारोबार, अवैध बोरिंग, कार वॉश सेंटर तथा अवैध ऑटो स्टैंड जैसे मामलों में समाचार प्रकाशित होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की बजाय समझौते और उगाही के प्रयास किए जाने की चर्चाएं क्षेत्र में आम हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मीडिया द्वारा प्रकाशित जनहित की खबरों का उद्देश्य प्रशासन और संबंधित विभागों का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित कर समाधान सुनिश्चित कराना होता है। यदि खबरों को कार्रवाई के बजाय कथित वसूली का माध्यम बना दिया जाए तो इससे न केवल प्रशासनिक व्यवस्था की साख प्रभावित होती है, बल्कि जनहित में आवाज उठाने वाले नागरिकों का भी विश्वास कमजोर होता है।
क्षेत्र के नागरिकों और व्यापारिक संगठनों ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों, सतर्कता विभाग (Vigilance) तथा संबंधित प्रशासनिक एजेंसियों से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नागरिकों का कहना है कि समाचार पत्रों में प्रकाशित जनहित की खबरों के बाद संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए, न कि ऐसी खबरों को कथित रूप से प्रलोभन या उगाही का माध्यम बनने देना चाहिए। अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इन गंभीर आरोपों पर क्या रुख अपनाते हैं और क्षेत्र में व्याप्त शिकायतों की जांच के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

