ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में गहरी बेसमेंट खुदाई से सुरक्षा पर उठे सवाल
साहिल, संवाददाता संदेश धारा
- नई दिल्ली,। ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-1 स्थित B-151, B-187 और B-188 तथा फेस-2 स्थित A-8, FIEE कॉम्प्लेक्स में चल रही गहरी बेसमेंट खुदाई को लेकर आसपास के उद्योग संचालकों और भवन स्वामियों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़े पैमाने पर की जा रही खुदाई से आसपास की इमारतों की सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

क्षेत्र के लोगों के अनुसार निर्माण स्थलों के समीप पहले से बनी इमारतें मौजूद हैं। ऐसे में यदि खुदाई के दौरान निर्धारित तकनीकी मानकों और सुरक्षा उपायों का पालन नहीं किया जाता है, तो आसपास की इमारतों में दरारें आने, नींव कमजोर होने या भूमि धंसने जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।
स्थानीय उद्योग संचालकों ने संबंधित विभागों से मांग की है कि निर्माण स्थलों का तत्काल निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि बेसमेंट निर्माण कार्य स्वीकृत नक्शे एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जा रहा है या नहीं। लोगों का कहना है कि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए स्वतंत्र स्ट्रक्चरल सेफ्टी ऑडिट कराया जाना आवश्यक है।
निवासियों और उद्योग संचालकों ने यह भी सवाल उठाया है कि यदि भविष्य में बेसमेंट खुदाई के कारण आसपास की इमारतों को नुकसान पहुंचता है या कोई अप्रिय घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। उन्होंने एमसीडी, डीडीए, दिल्ली पुलिस और अन्य संबंधित विभागों से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
विशेषज्ञों का मानना है कि घनी आबादी एवं विकसित क्षेत्रों में गहरी बेसमेंट खुदाई के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपाय, रिटेनिंग संरचनाएं और तकनीकी निगरानी अत्यंत आवश्यक होती है। ऐसे मामलों में लापरवाही भविष्य में गंभीर जोखिम पैदा कर सकती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संभावित खतरे को देखते हुए निर्माण स्थलों की विस्तृत तकनीकी जांच कराई जाए तथा जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।

