जान जोखिम में डालकर दिल्ली पुलिस ने बचाईं 14 जिंदगियां, भीषण आग में फंसे परिवार को सुरक्षित निकाला
साहिल संवाददाता, संदेश धारा
नई दिल्ली, 18 जून। दक्षिणी दिल्ली के राजू पार्क, खानपुर स्थित एक मकान में लगी भीषण आग के दौरान थाना नेब सराय पुलिस के जवानों ने असाधारण साहस और तत्परता का परिचय देते हुए 14 लोगों की जान बचा ली। पुलिसकर्मियों की सूझबूझ और बहादुरी से न केवल एक परिवार को सुरक्षित निकाला गया, बल्कि चार एलपीजी सिलेंडरों को बाहर निकालकर संभावित बड़े विस्फोट को भी टाल दिया गया।
पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 की रात लगभग 11:01 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि राजू पार्क स्थित मकान संख्या C-45 में आग लग गई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण रेफ्रिजरेटर में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और कई लोग अंदर फंस गए।
सूचना मिलते ही थाना नेब सराय की टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पारस नाथ वर्मा के नेतृत्व और इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह मीणा की निगरानी में पुलिसकर्मियों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू के दौरान एसआई प्रिंस राजपूत और कांस्टेबल रिंकू सिंह मीणा धुएं और आग के बीच इमारत के अंदर घुस गए और निचली मंजिलों पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं हेड कांस्टेबल हरज्ञान, हेड कांस्टेबल जितेंद्र और कांस्टेबल नरेंद्र ने पड़ोसी भवन की छत से रस्सियों और सीढ़ियों के सहारे तीसरी मंजिल तक पहुंचकर आग और धुएं से घिरे एक परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला।
बचाए गए परिवार में 40 वर्षीय दर्जी शबीर, उनकी पत्नी सलीमा तथा उनके 8 और 4 वर्ष के दो बच्चे शामिल हैं। चारों आग की लपटों और घने धुएं के बीच तीसरी मंजिल पर फंसे हुए थे।
इस दौरान कांस्टेबल रिंकू सिंह ने अपनी जान की परवाह किए बिना धुएं से भरी इमारत से दो एलपीजी सिलेंडर बाहर निकाले। पुलिस टीम ने कुल चार सिलेंडरों और अन्य ज्वलनशील सामग्री को हटाकर संभावित बड़े विस्फोट को टाल दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते कुल 14 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है।
दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल (आईपीएस) ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि थाना नेब सराय के जवानों ने साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनकी तत्परता और टीमवर्क ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया तथा कई लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

