प्रत्येक शनिवार को मदनपुर खादर में बिगड़ जाती है व्यवस्था, प्रलोभन के आरोपों के बीच जनता बेहाल
साहिल, संवाददाता संदेश धारा
नई दिल्ली।थाना कालिंदी कुंज से मक्की मस्जिद कॉलोनी चौराहे तक प्रत्येक शनिवार को अवैध रेहड़ी-पटरी और सड़क किनारे लगने वाले अस्थायी बाजार के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर इस कदर अतिक्रमण हो जाता है कि पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है, जबकि वाहन घंटों जाम में फंसे रहते हैं।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कुछ लोगों को मिलने वाले कथित प्रलोभनों और संरक्षण के कारण यह अव्यवस्था लगातार बढ़ती जा रही है। शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है, जिससे प्रशासनिक कार्रवाई पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
सबसे गंभीर चिंता यह है कि जाम और अतिक्रमण के कारण किसी भी आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य राहत वाहन प्रभावित हो सकते हैं। यदि कोई दुर्घटना या आगजनी की घटना घटित हो जाए तो समय पर सहायता पहुंचना कठिन हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि प्रत्येक शनिवार को विशेष अभियान चलाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए। साथ ही, यदि किसी प्रकार की मिलीभगत या अनियमितता की शिकायतें हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

