
शेख सराय फेज-2 में कथित अवैध निर्माण पर विवाद, स्थानीय लोगों ने की जांच की मांग
साहिल मंसूरी, संवाददाता।
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर थाना क्षेत्र स्थित शेख सराय फेज-2 के K पॉकेट में मकान संख्या-101 पर चल रहे कथित निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय निवासियों ने गंभीर आपत्ति जताई है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि भवन निर्माण के दौरान निर्धारित नियमों और भवन निर्माण मानकों की अनदेखी की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित भवन में निर्माण कार्य तेज गति से जारी है, जबकि इसकी वैधता और स्वीकृत नक्शे को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। निवासियों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो भविष्य में यह भवन आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि अवैध निर्माण की शिकायतें संबंधित विभागों तक पहुंचाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। लोगों का कहना है कि राजधानी के कई इलाकों में नियमों की अनदेखी कर बहुमंजिला निर्माण किए जाने के कारण पहले भी हादसे सामने आ चुके हैं, इसलिए समय रहते जांच और कार्रवाई आवश्यक है।
नागरिकों ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के भवन विभाग, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि मौके पर निरीक्षण कर यह स्पष्ट किया जाए कि निर्माण कार्य स्वीकृत भवन मानचित्र के अनुसार किया जा रहा है या नहीं। साथ ही यदि किसी प्रकार का नियम उल्लंघन पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में संबंधित विभागों की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पारदर्शी जांच और प्रभावी कार्रवाई से ही क्षेत्र में अवैध निर्माण पर रोक लगाई जा सकती है तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

