फतेहपुर बेरी पुलिस ने सुलझाई हत्या की गुत्थी, आरोपी गिरफ्तार
साहिल संवाददाता संदेश धारा
नई दिल्ली, 22 जून। दक्षिण जिला की फतेहपुर बेरी थाना पुलिस ने एक हत्या के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान अरविंद (उम्र लगभग 35-40 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 21 और 22 जून की मध्यरात्रि को हरस्वरूप कॉलोनी स्थित अस्थल मंदिर रोड के पास एक खेत में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फतेहपुर बेरी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। मृतक के गले में कपड़ा लिपटा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका जताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों तथा तकनीकी सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार (25 वर्ष) निवासी जनपद बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी दोनों मजदूरी का काम करते थे। दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर मामूली विवाद हुआ था, जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अरविंद की गला घोंटकर हत्या कर दी।
फतेहपुर बेरी थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि त्वरित कार्रवाई और सतर्क जांच के चलते हत्या की इस वारदात का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।

