पेंशन घोटाले का सनसनीखेज आरोप: 9 वर्षों तक खाते से निकलती रही राशि, पीड़िता ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
विशेष संवाददाता, संदेश धारा
नई दिल्ली |राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी मासिक पेंशन की राशि वर्षों तक धोखाधड़ी के माध्यम से निकाली जाती रही। पीड़िता ने इस संबंध में थाना बिंदापुर में लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता उर्मिला भूटानी, पत्नी स्वर्गीय दर्शन लाल, निवासी RZ-70A, सेकंड फ्लोर, नंद राम पार्क, उत्तम नगर, नई दिल्ली-110059, ने पुलिस को दिए शिकायत पत्र में बताया है कि पहले उनकी पेंशन इंडियन बैंक के खाते में आती थी। बाद में जानकारी लेने पर पता चला कि वर्ष 2017 से उनकी पेंशन पंजाब एंड सिंध बैंक, मेन नजफगढ़ रोड, उत्तम नगर शाखा के खाते में जमा हो रही थी।
उर्मिला भूटानी का आरोप है कि बैंक में एंट्री कराने पर यह खुलासा हुआ कि वर्ष 2017 से उनके खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बिना उनकी अनुमति के लगातार पेंशन की राशि निकाली जाती रही। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी किसी को अपने खाते से धनराशि निकालने की अनुमति नहीं दी। इस कथित धोखाधड़ी से उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक पीड़ा भी झेलनी पड़ी है।
पीड़िता ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा निकाली गई पेंशन राशि वापस दिलाने की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा है कि जांच में सहयोग हेतु बैंक स्टेटमेंट सहित सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने को तैयार हैं।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि पुलिस और संबंधित बैंक इस शिकायत की जांच में क्या तथ्य सामने लाते हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला पेंशन सुरक्षा व्यवस्था और बैंकिंग प्रणाली की गंभीर खामियों की ओर भी संकेत कर सकता है।

