वाहन चेकिंग के दौरान दो वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद
साहिल संवाददाता संदेश धारा
नई दिल्ली, 28 जून। दक्षिणी जिले की चित्तरंजन पार्क थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जो गोविंदपुरी थाना क्षेत्र से चोरी हुई थीं।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को नियमित गश्त के दौरान मंडाकिनी एन्क्लेव, अलकनंदा स्थित गेट नंबर-6 के सामने पेट्रोल पंप के पास वाहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान हेड कांस्टेबल सज्जन और हेड कांस्टेबल सिरमोहर ने बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल को रोककर उसकी जांच की। चेसिस नंबर के सत्यापन में पता चला कि मोटरसाइकिल गोविंदपुरी थाने के ई-एमवीटी केस संख्या 002103/2026 में चोरी की गई थी।
पूछताछ के दौरान मोटरसाइकिल चला रहे सुमित कुमार सिंह (18) ने खुलासा किया कि यह बाइक उसे सूरज सरकार (29) ने दी थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सूरज सरकार को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर एक और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जो ई-एफआईआर संख्या 032103/2023, थाना गोविंदपुरी में दर्ज चोरी के मामले से संबंधित निकली।
पुलिस ने दोनों चोरी की मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों के खिलाफ किसी पूर्व आपराधिक मामले का रिकॉर्ड नहीं मिला है।
इस कार्रवाई को एसएचओ इंस्पेक्टर अनीश शर्मा के नेतृत्व तथा एसीपी सी.आर. पार्क के समग्र पर्यवेक्षण में हेड कांस्टेबल सज्जन और हेड कांस्टेबल सिरमोहर की टीम ने अंजाम दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह से संबंध तो नहीं है।

