
ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-3 में फिर पेड़ कटाई का मामला, स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
विशेष संवाददाता संदेश धारा
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पर्यावरण संरक्षण के दावों के बीच ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-3 क्षेत्र में एक बार फिर हरे-भरे पेड़ की कटाई का मामला सामने आया है। घटना प्लॉट नंबर 94, प्लॉट नंबर 59 के सामने, Salty Company के पास की बताई जा रही है, जहां एक बड़े पेड़ को काटे जाने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस इलाके में पहले भी कई हरे-भरे पेड़ काटे जा चुके हैं। उनका कहना है कि संबंधित विभागों को कई बार शिकायतें देने के बावजूद ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी। कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि पूरे मामले में पुलिस चौकी ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-3 के स्तर पर कथित मिलीभगत की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

घटना के बाद लोगों ने कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि पेड़ काटने की वैधानिक अनुमति ली गई थी तो संबंधित रिकॉर्ड सार्वजनिक किए जाएं और यदि बिना अनुमति के पेड़ काटा गया है तो जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ वन संरक्षण एवं पर्यावरण संबंधी प्रावधानों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग, दिल्ली पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, पेड़ कटाई की अनुमति संबंधी दस्तावेजों की जांच की जाए और यदि कोई अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के बीच हरे-भरे पेड़ों की सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। ऐसे मामलों में समयबद्ध जांच और प्रभावी कार्रवाई पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण होगी।

