रोहिणी सेक्टर-16 में पांच मंजिला इमारत ढही, एक की मौत; तीन घायल, अवैध निर्माण पर फिर उठे सवाल
साहिल मंसूरी, संदेश धारा
नई दिल्ली, संवाददाता। राजधानी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में बुधवार को एक निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। ताजा जानकारी के अनुसार मलबे से अब तक चार लोगों को बाहर निकाला गया है। इनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत एवं बचाव अभियान अभी भी जारी है और मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के मद्देनजर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस, एनडीआरएफ और अन्य राहत एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है।
इस हादसे ने एक बार फिर दिल्ली में कथित अवैध निर्माण और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जांच में यह सामने आता है कि इमारत का निर्माण नियमों के विपरीत या अधिकारियों की लापरवाही से हुआ था, तो जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारियों और दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी अवैध निर्माण के कारण लोगों की जान जाती है, तो केवल निर्माणकर्ता ही नहीं, बल्कि जांच में दोषी पाए जाने वाले संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। मामले की जांच के बाद यदि किसी जूनियर इंजीनियर, सहायक/अधिशासी अभियंता, जोन के उपायुक्त या अन्य अधिकारी की लापरवाही अथवा मिलीभगत सामने आती है, तो उनके विरुद्ध भी भारतीय कानून के अनुसार उचित आपराधिक कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और विस्तृत रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।

