दिल्ली में हादसों के बाद भी नहीं थम रहा अवैध निर्माण, कंचन कुंज में धड़ल्ले से खड़ी हो रहीं छह मंजिला इमारतें
नई दिल्ली, संवाददाता। राजधानी दिल्ली में इमारत गिरने की घटनाओं के बावजूद दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के मदनपुर खादर स्थित ए-ब्लॉक, कंचन कुंज में कथित रूप से नियमों को दरकिनार कर बहुमंजिला इमारतों का निर्माण जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में छह मंजिला इमारतें तेजी से खड़ी की जा रही हैं, जबकि निर्माण कार्य को लेकर सुरक्षा मानकों और वैधानिक अनुमति पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का दावा है कि कई निर्माण कार्य देर रात तक चलते हैं और रातों-रात लिंटर डाले जाते हैं। उनका आरोप है कि संबंधित विभागों की प्रभावी निगरानी नहीं होने के कारण ऐसे निर्माण बिना रोक-टोक जारी हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
हाल ही में दिल्ली के विभिन्न इलाकों में इमारत ढहने की घटनाओं के बाद लोगों में चिंता बढ़ गई है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध और असुरक्षित निर्माण पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में बड़े हादसों की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि संबंधित निर्माणों की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए और यदि किसी निर्माण में भवन उपविधियों या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो बिल्डर तथा जांच में जिम्मेदार पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
साथ ही लोगों से भी अपील की जा रही है कि किसी भी फ्लैट या संपत्ति को खरीदने से पहले उसकी स्वीकृत भवन योजना, वैध निर्माण अनुमति और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच कर लें। नियमों के विपरीत बने भवनों में निवेश न केवल आर्थिक जोखिम पैदा करता है, बल्कि जान-माल की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।

