राष्ट्रपति भवन से हटाए गए ज्वाइंट सीपी वीनू बंसल, मुख्यालय से किए गए अटैच; कई आरोपों को लेकर चर्चाएं तेज
विशेष संवाददाता
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय के तहत आईपीएस अधिकारी एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त (Joint Commissioner of Police) वीनू बंसल को राष्ट्रपति भवन सुरक्षा की जिम्मेदारी से हटाकर पुलिस मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है। इस फैसले के बाद पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में विभिन्न चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित अधिकारी के कार्यकाल को लेकर पहले भी कई शिकायतें सामने आने की बात कही जाती रही है। कुछ सूत्रों का दावा है कि प्रतिष्ठित पद पर तैनाती के दौरान उनकी कुछ बिल्डरों से नजदीकियां चर्चा का विषय बनीं। यह भी आरोप लगाए गए कि कुछ बिल्डरों और उनके परिजनों को एक प्रतिष्ठित गोल्फ क्लब में बिना औपचारिक एंट्री दर्ज किए गोल्फ खेलने की सुविधा दिलाई गई, जिससे उसका कोई आधिकारिक रिकॉर्ड उपलब्ध न रहे।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र अथवा आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही इस संबंध में संबंधित अधिकारी की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में उनका सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ कथित विवाद भी चर्चा का विषय रहा। बताया जाता है कि इस मामले की शिकायत गृह मंत्रालय तक पहुंची थी। हालांकि, इस दावे की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
चर्चा यह भी है कि राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कुछ मामलों और कथित असंसदीय व्यवहार को लेकर भी सवाल उठे थे। इन्हीं घटनाक्रमों के बीच उन्हें मौजूदा जिम्मेदारी से हटाकर पुलिस मुख्यालय से अटैच किए जाने का आदेश जारी किया गया।
दिल्ली पुलिस या गृह मंत्रालय की ओर से अब तक इस कार्रवाई के पीछे विस्तृत कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में कार्रवाई के वास्तविक कारणों को लेकर अटकलों का दौर जारी है।

