वार्ड-184 में ही क्यों गरमा रही है शो कॉज नोटिस की सियासत?
नई दिल्ली। बदरपुर विधानसभा क्षेत्र में अवैध निर्माणों के विरुद्ध नगर निगम द्वारा शो कॉज नोटिस जारी किए जाने की कार्रवाई जारी है। जानकारी के अनुसार, विधानसभा के सभी पांचों वार्डों में निर्माण संबंधी नोटिस लगाए जा रहे हैं। इनमें चार वार्डों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद हैं, जबकि वार्ड-184 से आम आदमी पार्टी (आप) की पार्षद हेमा श्री चंद वोहरा निर्वाचित हैं।

स्थानीय स्तर पर सबसे अधिक चर्चा वार्ड-184 की हो रही है। क्षेत्र में यह सवाल उठाया जा रहा है कि जब अन्य वार्डों में भी समान कार्रवाई हो रही है, तो केवल वार्ड-184 और वहां की पार्षद को ही चर्चा के केंद्र में क्यों रखा जा रहा है।
नगर निगम के नियमों के अनुसार, अवैध निर्माण से संबंधित शो कॉज नोटिस जारी करने की वैधानिक शक्ति भवन विभाग के सक्षम अधिकारियों के पास होती है। निरीक्षण के आधार पर जेई, एई, ईई और अन्य अधिकृत अधिकारी नियमानुसार कार्रवाई करते हैं। पार्षद का कार्य क्षेत्रीय समस्याओं को प्रशासन के समक्ष उठाना और जनप्रतिनिधि के रूप में जनता का प्रतिनिधित्व करना है।
ऐसे में स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि बदरपुर विधानसभा के सभी वार्डों में समान प्रकार की कार्रवाई हो रही है, तो किसी एक वार्ड या जनप्रतिनिधि को बिना आधिकारिक साक्ष्य के निशाना बनाना उचित नहीं माना जा सकता। नागरिकों ने नगर निगम से मांग की है कि कार्रवाई से संबंधित तथ्यों और प्रक्रिया को सार्वजनिक किया जाए, ताकि भ्रम और अनावश्यक विवाद की स्थिति समाप्त हो सके।
(यदि इस विषय पर संबंधित पार्षद, नगर निगम अधिकारियों या अन्य पक्ष का बयान प्राप्त होता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

