जैतपुर में ड्रोन सर्वे पर उठे सवाल, एडिशनल कमिश्नर से मिले पार्षद व प्रतिनिधि-
पुराने दस्तावेज और फोटो दिखाकर नोटिसों की निष्पक्ष समीक्षा की मांग
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। जैतपुर वार्ड में ड्रोन सर्वे के आधार पर जारी किए गए नोटिसों को लेकर स्थानीय लोगों की बढ़ती चिंताओं के बीच शुक्रवार को निगम मुख्यालय में वार्ड पार्षद श्रीमती हेमा श्रीचंद वोहरा एवं पार्षद प्रतिनिधि श्रीचंद वोहरा ने नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर श्री लीलाधर मेघवाल से मुलाकात कर पूरे मामले को प्रमुखता से उठाया।

- मुलाकात के दौरान पार्षद एवं प्रतिनिधि ने बताया कि Survey of India के माध्यम से कराया गया ड्रोन सर्वे कई स्थानों पर वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाता। उनका कहना था कि सर्वे में हुई कथित त्रुटियों के कारण क्षेत्र के अनेक निवासियों को नोटिस जारी किए गए हैं, जिससे लोगों में संभावित तोड़-फोड़ की कार्रवाई को लेकर भय और असमंजस का माहौल बना हुआ है।

बैठक में जैतपुर वार्ड के निवासियों से संबंधित पुराने दस्तावेज, वर्षों पुराने मकानों के फोटोग्राफ तथा अन्य आवश्यक प्रमाण भी अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए गए। इन दस्तावेजों के माध्यम से क्षेत्र की वास्तविक स्थिति से अवगत कराते हुए मांग की गई कि ड्रोन सर्वे के आधार पर जारी नोटिसों की निष्पक्ष एवं पुनः समीक्षा कराई जाए।
पार्षद श्रीमती हेमा श्रीचंद वोहरा एवं पार्षद प्रतिनिधि श्रीचंद वोहरा ने कहा कि यदि सर्वे में तकनीकी या तथ्यात्मक त्रुटियां पाई जाती हैं तो संबंधित नोटिसों को निरस्त किया जाए, ताकि निर्दोष नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और क्षेत्र में व्याप्त भय का माहौल समाप्त हो सके।
स्थानीय नागरिकों को अब निगम प्रशासन के निर्णय का इंतजार है कि ड्रोन सर्वे से जुड़े मामलों की समीक्षा कर उन्हें उचित राहत प्रदान की जाएगी या नहीं।

