दक्षिण जिला पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतरराज्यीय दो शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों के गहने-नकदी बरामद
साहिल मंसूरी
नई दिल्ली। दक्षिण जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ, एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) और थाना मालवीय नगर की संयुक्त टीम ने एक हाई-वैल्यू हाउस बर्गलरी (सेंधमारी) मामले का खुलासा करते हुए दो अंतरराज्यीय शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, ₹2.70 लाख नकद, एक टाइटन स्मार्ट वॉच, सेंधमारी में इस्तेमाल होने वाले औजार तथा अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने इस कार्रवाई से दिल्ली के तीन चोरी के मामलों का भी खुलासा करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को मालवीय नगर निवासी एक व्यक्ति ने अपने घर में चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना मालवीय नगर में ई-एफआईआर संख्या 80057082/2026 धारा 305/331(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी शहजाद की पहचान कर उसे उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कांधला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में शहजाद ने अपने साथी सचिन रावत का नाम उजागर किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शहजाद की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, ₹2.70 लाख नकद, टाइटन स्मार्ट वॉच तथा सेंधमारी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शहजाद का संबंध थाना प्रसाद नगर और थाना राजिंदर नगर में दर्ज दो अन्य चोरी के मामलों से भी है। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद विशेष औजारों की मदद से घरों में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते और चोरी का सामान उत्तर प्रदेश ले जाकर छिपा देते थे। बाद में इस सामान को स्थानीय खरीदारों के माध्यम से ठिकाने लगाया जाता था।
यह कार्रवाई इंस्पेक्टर अनुज कुमार (प्रभारी स्पेशल स्टाफ), इंस्पेक्टर अमित दत्त शर्मा (प्रभारी AATS) और थाना मालवीय नगर के एसएचओ के नेतृत्व में एसीपी ऑपरेशंस दक्षिण जिला ऋतुराज के पर्यवेक्षण में की गई।
दक्षिण जिला पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं तथा मामले की आगे की जांच जारी है।

