
आग से बचाव को लेकर फायर मॉक ड्रिल, छात्रों और कर्मचारियों को किया जागरूक
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण एक्सटेंशन पार्ट-2 स्थित आकाश इंस्टीट्यूट, के.एम. पुर में आग लगने की स्थिति में सुरक्षा एवं आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। ड्रिल में स्थानीय पुलिस और दिल्ली फायर सर्विस के कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

मॉक ड्रिल के दौरान छात्रों, संस्थान के कर्मचारियों, सुरक्षा गार्डों तथा आम नागरिकों को आग जैसी आपात स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी और आपातकालीन निकास द्वार के सही इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई।

फायर ब्रिगेड कर्मियों ने लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय शांत रहकर तेजी से सुरक्षित स्थान की ओर जाने तथा स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के व्यावहारिक तरीके बताए।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि सुरक्षा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के प्रति प्रतिबद्धता है। पुलिस की ओर से नागरिकों और संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर आपदा से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने पर लगातार जोर दिया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में जान-माल के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

मॉक ड्रिल के माध्यम से लोगों को यह संदेश भी दिया गया कि आज की तैयारी, कल किसी की जान बचा सकती है।

