गोविंदपुरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20.91 ग्राम एमडीएमए के साथ नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गोविंदपुरी पुलिस ने एक नाइजीरियाई नागरिक को 20.91 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 51 वर्षीय माइकल इज़ुचुक्वु उर्फ एम्ब्रोस पुत्र ओकोली के रूप में हुई है। आरोपी वर्तमान में उत्तम नगर के मोहन गार्डन इलाके में रह रहा था और मूल रूप से अनाम्ब्रा, नाइजीरिया का निवासी है।

पुलिस के मुताबिक विशेष सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20.91 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। मामले में थाना गोविंदपुरी में एफआईआर संख्या 457/2026, धारा 22(b)/61/85 एनडीपीएस अधिनियम के तहत 16 अगस्त 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया।
पूर्व में भी एनडीपीएस मामले में रहा शामिल
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित थाना सदर थानेसर में दर्ज एफआईआर संख्या 548/2024, धारा 21/27A/29 एनडीपीएस अधिनियम के मामले में शामिल रहा है। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी का वीजा समाप्त हो चुका है।
पुलिस अब आरोपी से बरामद एमडीएमए के स्रोत, उसे प्राप्त करने के तरीके और संभावित खरीदारों के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी के मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े किन-किन लोगों से संबंध हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में एसआई दया शंकर, एसआई यशवीर, एएसआई जोगिंदर, कांस्टेबल अमित, कांस्टेबल विष्णु भाटी और कांस्टेबल दीपक शामिल रहे। टीम ने इंस्पेक्टर बंकटेश, एटीओ/थाना गोविंदपुरी के नेतृत्व में कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

