दिल्ली पुलिस में बड़ा फेरबदल, साउथ-ईस्ट जिले की कमान विनीत कुमार को
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस में मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को बड़े स्तर पर अधिकारियों के तबादले और नई जिम्मेदारियां तय की गईं। जारी आदेश के अनुसार IPS और DANIPS कैडर के कुल 43 अधिकारियों की Transfer/Posting की गई है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होने की बात कही गई है।

फेरबदल में दक्षिण-पूर्वी जिले में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। 2015 बैच के IPS अधिकारी विनीत कुमार को DCP/Tech & PI से स्थानांतरित कर DCP/South East District की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अब तक दक्षिण-पूर्व जिले के DCP रहे 2014 बैच के IPS अधिकारी हेमंत तिवारी को DCP/Special Branch की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा 2021 बैच की IPS अधिकारी उत्कर्षा को Addl. DCP-I/South East District के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है। इस तरह दक्षिण-पूर्व जिले में DCP के साथ अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त स्तर पर भी नई टीम सामने आई है।
अपराध और नशे पर रहेगी नजर
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में नई पुलिस टीम के सामने अपराध नियंत्रण के साथ-साथ नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध गतिविधियों, संगठित अपराध और कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने की चुनौती होगी। जिले के कई इलाकों में नशे के कारोबार और उससे जुड़े अपराधों को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं।
नई जिम्मेदारी संभालने के बाद DCP विनीत कुमार के सामने सबसे बड़ी चुनौती पुलिस की बीट व्यवस्था को मजबूत करने, स्थानीय स्तर पर अपराध की जानकारी जुटाने और नशे के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की होगी।
कई अन्य जिलों और इकाइयों में भी बदलाव
तबादला आदेश में दिल्ली पुलिस की कई महत्वपूर्ण इकाइयों और जिलों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। North, Outer North, Rohini, Central, Traffic, Special Branch, PCR और Operations समेत विभिन्न इकाइयों में नई पोस्टिंग की गई हैं।
दिल्ली पुलिस के इस बड़े फेरबदल के बाद अब नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों की कार्यशैली पर नजर रहेगी। खास तौर पर दक्षिण-पूर्वी जिले में नई कमान के बाद अपराध और नशे के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कितनी प्रभावी होती है, यह आने वाले दिनों में देखने वाली बात होगी।

