दक्षिण जिला पुलिस की दोहरी कामयाबी: हथियार के साथ आदतन अपराधी गिरफ्तार, 2.5 लाख रुपये से भरा बैग बरामद
परवेज खान, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दक्षिण जिला पुलिस ने अपराध पर अंकुश लगाने और आम लोगों की मदद के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। स्पेशल स्टाफ की टीम ने एक आदतन अपराधी को अवैध देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया, जबकि मेहरौली थाना पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से ऑटो में छूटा ढाई लाख रुपये नकद से भरा बैग करीब 10 घंटे में बरामद कर उसके मालिक को सौंप दिया।

अवैध हथियार के साथ आदतन अपराधी दबोचा
स्पेशल स्टाफ, दक्षिण जिला की टीम ने देवली इलाके में कार्रवाई करते हुए दिलशाद आलम उर्फ जावेद (27) को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। आरोपी देवली का रहने वाला है और उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, झपटमारी तथा आर्म्स एक्ट समेत 20 आपराधिक मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है।
पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि आरोपी अवैध हथियार लेकर देवली में अपने एक सहयोगी से मिलने आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर उसे देवली में पकड़ लिया। हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना तिगड़ी में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच में यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी हथियार कहां से लेकर आया था और उसका इस्तेमाल किस वारदात में किया जाना था।
कार्रवाई में एएसआई दुष्यंत कुमार, हेड कांस्टेबल यशपाल, हेड कांस्टेबल प्रवीण कुमार और कांस्टेबल महेंद्र शामिल रहे। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने किया, जबकि एसीपी ऑपरेशंस बलराम सिंह बेनीवाल की निगरानी में कार्रवाई की गई।
ऑटो में छूटा ढाई लाख रुपये का बैग 10 घंटे में मिला
दूसरी ओर, मेहरौली थाना पुलिस ने नागपुर से दिल्ली आए एक व्यक्ति के ऑटो में छूटे ₹2.5 लाख नकद से भरे बैग को करीब 10 घंटे के भीतर बरामद कर राहत पहुंचाई। पुलिस के मुताबिक पीड़ित को ऑटो का नंबर याद नहीं था, जिससे बैग तलाशना चुनौतीपूर्ण था।

सूचना मिलने के बाद हेड कांस्टेबल सुरेंद्र और कांस्टेबल संजय ने CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। लगातार फुटेज का विश्लेषण करने के बाद पुलिस टीम संदिग्ध ऑटो तक पहुंची। ऑटो की जांच के दौरान बैग यात्री सीट के पीछे सुरक्षित रखा मिला। ऑटो चालक को भी बैग के छूटने की जानकारी नहीं थी।
पुलिस ने बैग में मौजूद पूरी ₹2.5 लाख की नकदी बरामद कर उसे उसके मालिक सूरज को सौंप दिया। कार्रवाई SHO मेहरौली इंस्पेक्टर विजय पाल दहिया के नेतृत्व और एसीपी मेहरौली योगिता शर्मा की निगरानी में हुई।
दक्षिण जिला पुलिस के मुताबिक दोनों कार्रवाइयां एक ओर अवैध हथियार और अपराधियों के खिलाफ सख्ती को दर्शाती हैं, वहीं दूसरी ओर जरूरत के समय आम नागरिकों की सहायता और उनकी संपत्ति सुरक्षित वापस दिलाने के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को भी सामने लाती हैं।

