दक्षिण जिले के 15 थानों में थाना दिवस-जनसुनवाई, 130 नागरिकों ने रखीं समस्याएं
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शनिवार को दक्षिण जिले के सभी 15 पुलिस थानों में थाना दिवस-जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को पुलिस अधिकारियों के समक्ष सीधे अपनी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव रखने का अवसर उपलब्ध कराना रहा।
जनसुनवाई में दक्षिणी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त, दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल, आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रथम एवं द्वितीय, सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारियों सहित पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया। जिले के विभिन्न थानों में आयोजित कार्यक्रमों में करीब 130 नागरिकों ने भाग लिया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को सीधे सुना और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को दिशा-निर्देश जारी किए। नागरिकों को भरोसा दिलाया गया कि उनकी शिकायतों के समाधान के लिए उचित कार्रवाई और फॉलोअप किया जाएगा।

दक्षिण जिला पुलिस के अनुसार, थाना दिवस-जनसुनवाई का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना तथा लोगों के लिए पुलिस तक अपनी बात पहुंचाने की प्रक्रिया को अधिक सुलभ बनाना है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को खुलकर पुलिस के साथ साझा करें।

दक्षिण जिला पुलिस ने कहा कि नियमित जनसंपर्क, शिकायतों का त्वरित निस्तारण और पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।



