कालिंदी कुंज उद्यान की पार्किंग बनी निजी बसों का अड्डा, प्रतिबंध के बाद फिर शुरू हुआ संचालन
साहिल मंसूरी, संदेश धारा
नई दिल्ली।शाहीनबाग। चौधरी चरण सिंह कालिंदी कुंज उद्यान, शाहीनबाग स्थित पार्किंग में एक बार फिर निजी बसों का संचालन शुरू होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ दिन पहले शिकायत के बाद संबंधित विभागों द्वारा यहां निजी बसों के खड़े होने और संचालन पर रोक लगाई गई थी, लेकिन अब कथित रूप से नियमों को दरकिनार कर दोबारा इस स्थान को स्थायी बस स्टैंड के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस पार्किंग का मूल उद्देश्य उद्यान में आने वाले सैलानियों के वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके बावजूद यहां से उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए जाने वाली निजी बसों का संचालन किया जा रहा है। बसों के आने-जाने और यात्रियों के जमावड़े के कारण पार्किंग व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ उद्यान में आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे गंभीर सवाल यह है कि यदि शिकायत के बाद संबंधित विभागों ने बसों के संचालन पर प्रतिबंध लगाया था, तो आखिर किसकी अनुमति से दोबारा बसों का संचालन शुरू हुआ? स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि संबंधित विभागों के कुछ अधिकारियों/कर्मचारियों को कथित रूप से प्रलोभन दिए जाने के बाद बसों का संचालन फिर शुरू हुआ। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि पार्किंग में निजी बसों को खड़ा करने और यात्रियों को बैठाने की अनुमति किस विभाग अथवा अधिकारी ने दी। साथ ही यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
सवाल यह भी है कि उद्यान में आने वाले सैलानियों की सुविधा के लिए बनाई गई पार्किंग आखिर निजी बस संचालकों के लिए बस अड्डे में कैसे तब्दील हो गई?


