दक्षिण जिला पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर नाबालिग समेत तीन आरोपी पकड़े
चोरी के तीन दोपहिया वाहन, चार मोबाइल फोन, 12 क्षतिग्रस्त फोन और ऑटो बरामद
साहिल संवाददाता,
नई दिल्ली,। दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला अंतर्गत एएटीएस टीम ने वाहन चोरी और मोबाइल फोन चोरी के मामलों में दो अलग-अलग कार्रवाइयां करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने वाहन चोरी के तीन मामलों का खुलासा करते हुए तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। वहीं, मोबाइल फोन चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चार चोरी के मोबाइल फोन, 12 क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन और कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल किया गया एक ऑटो जब्त किया है।

वाहन चोरी के तीन मामलों का खुलासा
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को हेड कांस्टेबल रघुवेंद्र सिंह को सूचना मिली थी कि वाहन चोरी में शामिल एक संदिग्ध पुष्प विहार स्थित खोखा मार्केट रोड के पास आने वाला है। सूचना के आधार पर एएटीएस टीम ने मौके पर जाल बिछाकर टिगरी निवासी 17 वर्षीय नाबालिग को पकड़ लिया।

जांच के दौरान उसके पास से मिली लाल रंग की टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी के साकेत थाने में दर्ज ई-एफआईआर से चोरी होने की पुष्टि हुई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और नाबालिग की निशानदेही पर दो अन्य चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गईं।
पुलिस ने इस कार्रवाई में दिल्ली के साकेत और अंबेडकर नगर थानों के दो मामलों के अलावा हरियाणा के फरीदाबाद स्थित पल्ला थाने में दर्ज एक मामले का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग पहले भी कई मामलों में शामिल रहा है। आरोप है कि वह अलग-अलग इलाकों में खड़े दोपहिया वाहनों को निशाना बनाता था और चोरी के वाहनों का इस्तेमाल करने या उन्हें बेचने का प्रयास करता था।
इस कार्रवाई में एसआई शाजिद हुसैन, हेड कांस्टेबल रघुवेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल देवेंद्र, कांस्टेबल कृष्ण और कांस्टेबल अरविंद शामिल रहे। टीम का नेतृत्व एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर पवन कुमार ने किया, जबकि एसीपी ऑपरेशन बलराम सिंह बेनीवाल की निगरानी रही।
मोबाइल चोरी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में एएटीएस टीम ने 16 अक्टूबर को पुष्प विहार के पास एक ऑटो को रोककर उसमें सवार दो लोगों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान प्रीतम सिंह (20), निवासी सरिता विहार, और सुरेश उर्फ अभयराज (44), निवासी मीठापुर, दिल्ली के पास से दो-दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस ने सत्यापन के बाद चारों मोबाइल फोन को दिल्ली के मैदानगढ़ी, संगम विहार, मालवीय नगर और साकेत थानों में दर्ज चार चोरी के मामलों से जुड़ा बताया है। कार्रवाई के दौरान 12 क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन, एक हरे-पीले रंग का ऑटो और उसकी चाबी तथा ब्लू डार्ट की एक शिपमेंट डिलीवरी रसीद भी जब्त की गई।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(1)(e) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
इस टीम में एसआई नवदीप, एएसआई देशराज, हेड कांस्टेबल बिरन और हेड कांस्टेबल नरेंद्र शामिल थे। टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर पवन कुमार ने किया।
आगे की जांच जारी
दक्षिण जिला पुलिस के डीसीपी अनंत मित्तल के अनुसार, एएटीएस टीम की सतर्कता और समन्वित कार्रवाई से चोरी के मामलों का पता लगाने तथा संपत्ति बरामद करने में सफलता मिली है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है।

