शाहीन बाग में डीजल से भरे ड्रम ले जा रहे छोटा हाथी वाहन में लगी आग, जनहानि नहीं
नई दिल्ली। दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में नंबर-9 वाटर पार्क के पास और कालिंदी कुंज मेट्रो स्टेशन से पहले डीजल से भरे ड्रम ले जा रहे एक छोटा हाथी वाहन में आग लगने की घटना सामने आई। घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार, इस डीजल का इस्तेमाल रिहायशी इलाकों में संचालित जनरेटर, ओवन, बेकरी तथा अन्य उपकरणों में किया जाता है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

डीजल कहां से आया और कहां ले जाया जा रहा था?
घटना के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि डीजल कहां से लाया जा रहा था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। फिलहाल डीजल की आपूर्ति के स्रोत, परिवहन से संबंधित विवरण और वाहन में आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही इन सवालों के जवाब स्पष्ट हो सकेंगे। रिहायशी इलाकों में डीजल के भंडारण और परिवहन से जुड़े सुरक्षा मानकों की जांच भी महत्वपूर्ण है।

