
गुलफाम सैफी, संदेश धारा –
हापुड़। भारत सरकार के क्षय रोग उन्मूलन अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह की 15 तारीख को मनाए जाने वाले नि:क्षय दिवस के अवसर पर हापुड़ जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में श्री प्रेमचंद लोहिया मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा ग्राम नया गांव इनायतपुर, गढ़ मुक्तेश्वर में नि:शुल्क नि:क्षय चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

यह शिविर मेरिनो कंपनी के प्रायोजन तथा जिला क्षय रोग विभाग के संयुक्त उपक्रम से संपन्न हुआ। शिविर के दौरान कुल 160 मरीजों ने चिकित्सा परीक्षण का लाभ लिया। इनमें से 8 मरीजों की बलगम जांच, 48 मरीजों की ब्लड शुगर जांच की गई, जबकि 5 मरीजों को एक्स-रे हेतु जिला संयुक्त चिकित्सालय हापुड़ रेफर किया गया।
शिविर में उपस्थित जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश सिंह ने मरीजों को नि:क्षय दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि टीबी रोगियों के लिए दवाओं का पूरा कोर्स करना अत्यंत आवश्यक है, बीच में दवा छोड़ना घातक हो सकता है। वहीं जिला पीपीएम कोऑर्डिनेटर सुशील चौधरी ने कहा कि 2025 तक भारत को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में मेरिनो कंपनी एवं श्री प्रेमचंद लोहिया मेमोरियल ट्रस्ट का योगदान सराहनीय है।
शिविर में ट्रस्ट के चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एस. अग्रवाल एवं डॉ. डी.के. अग्रवाल ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके साथ ही अनिल कुमार, विनोद कुमार, यासीन अली (लैब तकनीशियन) तथा मोहम्मद सोहेल (फार्मासिस्ट) ने शिविर में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
- उल्लेखनीय है कि श्री प्रेमचंद लोहिया मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा अब तक नि:क्षय दिवस के अवसर पर 32 नि:शुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा चुका है। ट्रस्ट एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से जनमानस को टीबी रोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि भारत को शीघ्र टीबी मुक्त राष्ट्र बनाया जा सके।

