
साहिल मंसूरी, संदेश धारा –
नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस के थाना हजरत निज़ामुद्दीन अंतर्गत पुलिस पोस्ट जंगपुरा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर झपटमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण-पूर्व जिला के निर्देशन में तथा एसीपी लाजपत नगर श्री मिहिर सकारिया के पर्यवेक्षण में, पीपी जंगपुरा क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए नियमित गश्त की जा रही थी। इसी क्रम में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज कुमार के नेतृत्व में गठित टीम में शामिल कांस्टेबल भारत कुमार और कांस्टेबल मनोज नेगी जंगपुरा एक्सटेंशन में गश्त कर रहे थे।
गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों ने एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में मोटरसाइकिल चलाते हुए देखा, जिसकी नंबर प्लेट मुड़ी हुई थी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से दो चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए। मोटरसाइकिल की जांच करने पर वह ई-एफआईआर संख्या 033789/25, दिनांक 14.12.2025, धारा 305(बी)/317(2) बीएनएस के तहत थाना हजरत निज़ामुद्दीन में दर्ज चोरी के मामले से संबंधित पाई गई। इसके बाद मामले में विधिवत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह संगति के प्रभाव और शराब की लत के चलते अपराध की दुनिया में फंस गया। उसने यह भी खुलासा किया कि उसका बड़ा भाई हाल ही में आर्म्स एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है।
बरामदगी विवरण:
चोरी की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर DL-3SDC-0187)
एक सैमसंग फोल्ड मोबाइल फोन (काला रंग)
एक मोटोरोला मोबाइल फोन (सफेद रंग)
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
नाम: सोहैब उर्फ मंगला
पिता का नाम: मोहम्मद मुस्तफा
पता: झुग्गी नंबर CN-70, पहाड़ी नूर नगर, जामिया नगर, नई दिल्ली
उम्र: 26 वर्ष
आरोपी के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और चोरी/झपटमारी से जुड़े दो मामले दर्ज हैं, जिनमें थाना हजरत निज़ामुद्दीन शामिल है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है और उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को दें।

