
प्रतिभा चौधरी | संदेश धारा-
हापुड़ जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डीसीआरबी पद पर तैनात इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह को 4 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने लोकेश बैशला पुत्र प्रीतम सिंह बैशला, निवासी गोठरा, खेकड़ा (बागपत) से उसके चाचा का नाम एक मामले की विवेचना से निकालने के एवज में 4 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में पीड़ित लोकेश बैशला ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी।
शिकायत की पुष्टि के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह पुत्र रामराज, निवासी मुजफ्फरनगर को नंद बिहारी गेट नंबर-2, रोहटा रोड, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ क्षेत्र से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह हापुड़ जनपद में कई थानों में प्रभारी रह चुके हैं। उन्होंने थाना देहात, गढ़मुक्तेश्वर, बहादुरगढ़, सिंभावली, बाबूगढ़ सहित अन्य थानों में सेवाएं दीं और बाद में डीसीआरबी में तैनात थे।
उनकी कार्यशैली को लेकर यह चर्चा आम रही कि उनकी थानेदारी के दौरान अधिकारी सतर्क रहते थे और आम जनता में उनका खासा रौब बना रहता था। लेकिन आज वही इंस्पेक्टर कानून की गिरफ्त में सलाखों के पीछे पहुंच गया।
कहते हैं समय सबसे बड़ा बलवान होता है। जिस कुर्सी का कभी घमंड था, आज वही कुर्सी छिन चुकी है।

