
ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में अवैध गन्ना जूस ठेलों का जाल, अतिक्रमण और गंदगी से बढ़ रहा खतरा
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली ।राजधानी के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया फेस-1 और फेस-2 में इन दिनों हर तिराहे और चौराहे पर अवैध रूप से गन्ने के जूस के ठेले लगाए जा रहे हैं, जिससे न केवल अतिक्रमण बढ़ रहा है बल्कि क्षेत्र में प्रदूषण और गंदगी भी तेजी से फैल रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन ठेलों के कारण सड़कें संकरी हो जाती हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। साथ ही, खुले में जूस तैयार होने के कारण स्वच्छता मानकों की अनदेखी हो रही है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी उत्पन्न हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि इस संबंध में कई बार एमसीडी के हेल्थ इंस्पेक्टर और लाइसेंस इंस्पेक्टर को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। आरोप है कि प्रलोभन लेकर इन अवैध ठेलों को संरक्षण दिया जा रहा है।
स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने मांग की है कि एमसीडी और संबंधित विभाग तत्काल अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करे।

