
हनी ट्रैप से लूट करने वाला गैंग पकड़ा, महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली।दक्षिण जिला पुलिस के महरौली थाना स्टाफ ने हनी ट्रैप के जरिए लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, आधार कार्ड और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला थाना महरौली में दर्ज एफआईआर संख्या 225/2026 से संबंधित है। 13 अप्रैल को बदरपुर-महरौली रोड पर गश्त के दौरान हेड कांस्टेबल राजू सैनी और कांस्टेबल संजय को डीडीए पार्क के पास एक व्यक्ति मिला, जिसने बताया कि एक युवती ने उसे इशारा कर अपने पास बुलाया और सुनसान जगह पर ले गई, जहां पहले से मौजूद दो युवकों ने चाकू दिखाकर उससे मोबाइल फोन, बैग और नकदी लूट ली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों का पीछा किया और मौके से एक आरोपी राहुल (29) निवासी लाडो सराय को दबोच लिया। उसके पास से चाकू और ₹750 नकद बरामद हुए। बाद में तकनीकी निगरानी की मदद से बाकी दो आरोपियों—गुंगुन गांधी (22) और समीर (22)—को 100 फुटा रोड रेड लाइट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल फोन, आधार कार्ड और डायरी भी बरामद कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल पहले से लूट, आर्म्स एक्ट और चोरी के छह मामलों में शामिल रहा है, जबकि गुंगुन और समीर का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। गुंगुन इस वारदात में डिकॉय (लुभाने) की भूमिका निभा रही थी।
तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया है।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि गश्त कर रही टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया गया और लूटा गया सामान बरामद कर लिया गया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में हनी ट्रैप के जरिए होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

