
दक्षिण जिला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2500 क्वार्टर अवैध शराब बरामद
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 18 मई 2026: दिल्ली पुलिस दक्षिण जिला ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “जीरो टॉलरेंस” अभियान के तहत दो बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन अभियानों में हरियाणा मार्का अवैध शराब के कुल 50 कार्टन (2500 क्वार्टर) बरामद किए हैं। साथ ही एक मारुति बलेनो कार और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं।
दक्षिण जिला पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई AATS (ऑपरेशन एंड ऑटो थेफ्ट स्क्वाड) और एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड (ANS) की टीमों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर की गई।
IIT फ्लाईओवर के पास पहली कार्रवाई
पुलिस को 16/17 मई की रात सूचना मिली थी कि हरियाणा से भारी मात्रा में अवैध शराब एक ग्रे रंग की मारुति बलेनो कार में दिल्ली लाई जा रही है। सूचना के आधार पर AATS टीम ने IIT फ्लाईओवर के पास जाल बिछाया।
करीब 2:45 बजे संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को रोक लिया और आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान कार से “FOR SALE IN HARYANA ONLY” मार्का 35 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई, जिनमें नाइट ब्लू मेट्रो लिकर, ADS फ्रेश संतरा मसालेदार देसी शराब और अन्य ब्रांड शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोलू पुत्र कृष्ण, निवासी खरखौदा, सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले भी दिल्ली एक्साइज एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
इस संबंध में थाना हौज खास में FIR संख्या 166/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फतेहपुर बेरी में दूसरी बड़ी कार्रवाई
दूसरे अभियान में एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड को सूचना मिली थी कि फतेहपुर बेरी इलाके में मोटरसाइकिलों के जरिए अवैध शराब की सप्लाई की जा रही है। पुलिस टीम ने गुरजार चौक के पास निगरानी बढ़ाई और दो बाइक सवारों को पकड़ लिया।
जांच में दोनों के कब्जे से 15 कार्टन (750 क्वार्टर) अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी बाइक के जरिए शराब की तस्करी करते थे ताकि पुलिस को शक न हो।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकाश पुत्र सुखनंदी निवासी फतेहपुर बेरी और जतिन पुत्र मनोज निवासी तिलक नगर के रूप में हुई है।
थाना फतेहपुर बेरी में FIR संख्या 220/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी
दक्षिण जिला पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में आगे और पीछे के सप्लाई नेटवर्क, शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तथा अवैध कारोबार की कड़ियों की जांच की जा रही है।
दक्षिण जिला के डीसीपी अनंत मित्तल, IPS ने कहा कि दिल्ली पुलिस संगठित अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई करती रहेगी तथा सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

