
“सेंट्रल जोन में ‘महीना तंत्र’ का खेल? पार्षदों और विभागीय कर्मचारियों की कथित मिलीभगत पर उठे सवाल”
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के नगर निगम सेंट्रल जोन में कथित भ्रष्टाचार और संरक्षण तंत्र को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है कि कई वार्डों में निगम के विभिन्न विभागों के इंस्पेक्टर, जेई और कर्मचारियों से कथित तौर पर “महीना” लेने की व्यवस्था वर्षों से चल रही है।
सूत्रों का दावा है कि कहीं सीधे पार्षद तो कहीं पार्षद पति और उनके करीबी लोग विभागीय कर्मचारियों पर प्रभाव बनाए रखते हैं। आरोप यह भी हैं कि अवैध निर्माण, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, पानी चोरी और प्रदूषण जैसे मामलों में कार्रवाई से पहले “सेटिंग” और “प्रलोभन” का खेल चलता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई कर्मचारी वर्षों से एक ही वार्ड में जमे हुए हैं, जिससे क्षेत्र में कथित उगाही और संरक्षण तंत्र मजबूत होता जा रहा है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास करते हैं।
जनता के बीच यह चर्चा तेज है कि काम की गति धीमी और भ्रष्टाचार की गति तेज होती जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो निगम व्यवस्था पर जनता का विश्वास और कमजोर हो सकता है।
क्षेत्रीय सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों ने मांग की है कि सेंट्रल जोन के संवेदनशील वार्डों में विजिलेंस जांच कराई जाए, वर्षों से जमे कर्मचारियों का ट्रांसफर किया जाए तथा कथित मिलीभगत में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई हो।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या निगम प्रशासन इन गंभीर आरोपों पर पारदर्शी जांच करेगा या फिर शिकायतें फाइलों तक ही सीमित रह जाएंगी।

