
साउथ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने बरामद किए हीरे-जवाहरात, नकदी और लग्जरी घड़ियां
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 24 मई। दक्षिणी जिला पुलिस और थाना ग्रेटर कैलाश की संयुक्त टीम ने पॉश इलाके पम्पोश एन्क्लेव में हुई करीब ₹1 करोड़ की हाई-प्रोफाइल चोरी की वारदात का मात्र 48 घंटे में खुलासा करते हुए एक शातिर और आदतन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में सोने, हीरे और चांदी के आभूषणों के साथ ₹3.57 लाख नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 20 मई 2026 को थाना ग्रेटर कैलाश में पम्पोश एन्क्लेव स्थित एक मकान में बड़ी चोरी की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि दिन में मकान बंद था और रात को लौटने पर घर के ताले टूटे मिले। घर से करीब ₹1 करोड़ के सोने, हीरे और चांदी के जेवरात तथा ₹6.5 लाख नकद चोरी पाए गए। मामले में ई-एफआईआर संख्या 80041468/26 धारा 305/331(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ साउथ डिस्ट्रिक्ट और थाना ग्रेटर कैलाश की विशेष टीमों का गठन किया गया। स्पेशल स्टाफ की टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने किया, जबकि थाना ग्रेटर कैलाश की टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर भानु प्रताप ने संभाला। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, लोकल इंटेलिजेंस और सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया। पुलिस ने 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपी की करीब 10 किलोमीटर तक की गतिविधियों को ट्रैक किया।
पुलिस को 22 मई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी संवारा गुर्जर उर्फ सुनील को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी राजस्थान के टोंक जिले का रहने वाला है और वर्तमान में मदनपुर खादर, दिल्ली में रह रहा था। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
जांच में सामने आया कि आरोपी दिन के समय पॉश कॉलोनियों में रेकी करता था और बंद मकानों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद वह तुरंत अपना ठिकाना बदल लेता था तथा चोरी किए गए जेवर स्थानीय संपर्कों के माध्यम से बेच देता था ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करोड़ों के आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें ₹12 लाख कीमत की डायमंड वॉच, डायमंड सॉलिटेयर रिंग, इयररिंग्स, ₹3 लाख की टैग ह्यूअर घड़ी और मून ब्रेसलेट शामिल हैं। इसके अलावा ₹3,57,000 नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले भी थाना न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में दर्ज एक मामले में शामिल रहा है और उस केस में फरार चल रहा था। अदालत द्वारा उसके खिलाफ 10 अप्रैल 2026 को गैर-जमानती वारंट भी जारी किए गए थे।
दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) अनंत मित्तल, आईपीएस ने कहा कि दक्षिण जिला पुलिस संगठित चोरी गिरोहों और आदतन अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति पर लगातार कार्रवाई कर रही है।

