मेहरौली पुलिस की बड़ी कामयाबी: 8 घंटे में सुलझाई चोरी की वारदात, ₹22 लाख के गहने और नकदी बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
साहिल मंसूरी, संदेश धारा-
नई दिल्ली, 11 जून। दक्षिण जिला पुलिस के थाना मेहरौली ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए घर में चोरी की वारदात का महज 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग ₹22 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 6 जून 2026 को थाना मेहरौली में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई, जिसमें छतरपुर एक्सटेंशन स्थित एक मकान में चोरी की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही जांच अधिकारी एसआई आशुतोष मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
शिकायतकर्ता चंद्रकांता मिश्रा ने बताया कि वह अपने कार्यस्थल आईजीएमपीआई (IGMPI) में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। वह सुबह अपने कमरे को ताला लगाकर गई थीं, लेकिन लौटने पर देखा कि कमरे का ताला टूटा हुआ था और सोने-चांदी के गहने, एक डिजिटल घड़ी तथा ₹12,000 नकद चोरी हो चुके थे।
मामले में ई-एफआईआर संख्या 80046921/2026 धारा 305 बीएनएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान धारा 331(3) बीएनएस भी जोड़ी गई।
मुखबिर तंत्र और पुलिस टीम की सक्रियता लाई रंग
एसएचओ मेहरौली के नेतृत्व और एसीपी मेहरौली की निगरानी में एसआई आशुतोष मिश्रा, एचसी दीपक, एचसी गजराज, एचसी हर्षवर्धन और कांस्टेबल मनजीत की टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शिवालय रोड के पास पार्किंग क्षेत्र से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी किए गए गहने और ₹10,000 नकद बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
दिन में बंद मकानों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिन के समय बंद पड़े मकानों और कमरों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही ताले तोड़कर नकदी और कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि छतरपुर एक्सटेंशन में हुई चोरी की घटना को भी उन्होंने ही अंजाम दिया था।
गिरफ्तार आरोपी
अमित (31 वर्ष)
निवासी – आसोला गांव, फतेहपुर बेरी, दिल्ली
इसके खिलाफ पहले भी स्नैचिंग का मामला दर्ज है।
कमल गुप्ता (30 वर्ष)
निवासी – डॉ. अंबेडकर कॉलोनी, सतबाड़ी, दिल्ली
इसके खिलाफ लूट एवं चोरी से संबंधित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बरामद सामान
सोने का मंगलसूत्र
महिलाओं की सोने की अंगूठियां
सोने के दो जोड़ी झुमके
सोने की चेन
“ॐ” पेंडेंट
हीरे की अंगूठी
चांदी की दो पायल
फास्टट्रैक डिजिटल घड़ी
कई अन्य सोने की चेन
₹10,000 नकद
पुलिस के अनुसार बरामद किए गए सामान की कुल कीमत लगभग ₹22 लाख आंकी गई है।
अन्य मामलों में भी हो सकती है संलिप्तता
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल, आईपीएस ने बताया कि मामले का सफल खुलासा कर चोरी का अधिकांश सामान बरामद कर लिया गया है। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि वे अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहे हैं या नहीं।
मेहरौली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

