फ्रेंडशिप के नाम पर जाल, फिर लूटपाट! नोएडा में शातिर गिरोह का भंडाफोड़
परवेज खान, संदेश धारा-
नोएडा। सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को दोस्ती का झांसा देकर लूटपाट करने वाले एक कथित शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में निधि यादव, प्रियंका यादव और रिया यादव को गिरफ्तार किया है। इनके साथ कथित रूप से ओमवीर यादव, मंगेश यादव और पंकज यादव भी इस गिरोह में शामिल बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर युवाओं से दोस्ती कर उन्हें मिलने के लिए सुनसान स्थानों पर बुलाते थे। मुलाकात के दौरान उनके अन्य साथी भी मौके पर पहुंच जाते थे और पीड़ितों के साथ मारपीट कर नकदी, मोबाइल फोन तथा अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह इसी तरीके से कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है तथा क्या इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करते समय पूरी सावधानी बरतें। किसी भी व्यक्ति से पहली मुलाकात हमेशा सार्वजनिक स्थान पर करें और अपनी लोकेशन तथा मुलाकात की जानकारी अपने परिजनों या मित्रों को अवश्य दें।
सावधान रहें, सतर्क रहें। सोशल मीडिया पर बनने वाली हर दोस्ती भरोसेमंद नहीं होती। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

